सवाई माधोपुर में राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सोमवार शाम को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। यहां दूसरे दिन दोनों पारियों में 10 हजार 884 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। जबकि 6 हजार 60 स्टूडेंट्स अनुपस्थित रहे। सवाई माधोपुर में एसआई भर्ती परीक्षा में कड़ी सख्ती देखने को मिली। जिले के 29 परीक्षा केंद्रों पर पहली पारी के लिए सुबह 9 से 10 बजे तक अभ्यर्थियों को मेटल डिटेक्टर से गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं दोपहर की पारी में एक बजे से दो बजे तक प्रवेश दिया‌ गया। यहां पहली पारी में सामान्य हिन्दी की परीक्षा 11.00 से 1.00 बजे तक आयोजित हुई। जबकि दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक सामान्य ज्ञान और विज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। पुराने शहर स्थित 72 सीढ़ी स्कूल केंद्र पर अभ्यर्थियों से गेट पर ही जूते उतरवा लिए गए। इसके चलते स्टूडेंट्स को करीब 200 मीटर नंगे पांव चलकर 72 सीढ़ियां चढ़ते हुए परीक्षा हॉल तक पहुंचना पड़ा। सुरक्षा के तहत जींस के मेटल बटन और बेल्ट भी बाहर ही हटवा दिए गए। 16968 परीक्षार्थियों का रजिस्ट्रेशन जिले के 29 परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिनों में कुल 16,968 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन रहा। पहले दिन 8,472 में से 10,692 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि दूसरे दिन दिन 10 हजार 884 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। यहां दूसरे दिन पहली पारी में 29 परीक्षा केंद्रों पर 8472 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। जिसमें से 5456 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। जबकि 3016 स्टूडेंट्स अनुपस्थित रहे। वहीं द पहर की पारी में 5428 ने परीक्षा दी। जबकि 3044 स्टूडेंट्स अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त अभ्यर्थियों के क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र और मूल रंगीन फोटो पहचान पत्र की जांच की गई। केंद्रों के आसपास त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र बंद रखे गए। केंद्रों में मोबाइल, ईयरफोन, ब्लूटूथ, घड़ी, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।