सीकर में पुलिस आईजी राहुल प्रकाश ने कहा- मादक पदार्थों के स्मगलर्स और सप्लायर्स की प्रॉपर्टी सील की जाएगी। विदेशों में बैठकर धमकी देने वाले और क्राइम करने वाले क्रिमिनल्स के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करके उन्हें यहां लाया जाएगा। उन्होंने कहा- 2-3 महीने में सीकर को नशामुक्त कर दिया जाएगा। जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने कहा- प्रदेश के अलग-अलग कोर्ट, अस्पताल, पासपोर्ट ऑफिस और कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकियां अब तक बेबुनियाद निकली हैं। आमजन को‌ इससे डरने की जरूरत नहीं है। जयपुर रेंज IG राहुल प्रकाश ने बुधवार को सीकर पुलिस लाइन में जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में जिला पुलिस की वर्किंग, क्रीमिनल मामलों, आर्म्स एक्ट की कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और ब्लैक स्पॉट पर चर्चा की गई। क्राइम मीटिंग में SP प्रवीण नायक नूनावत, ASP तेजपाल सिंह सहित जिलेभर के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियानों की ली रिपोर्ट आईजी राहुल प्रकाश ने बताया- सीकर जिले की क्राइम मीटिंग में आर्म्स एक्ट के मुकदमों व आबकारी के मुकदमों में आई कमी को‌ लेकर फीडबैक लिया। वहीं मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान की प्रोग्रेस रिपोर्ट ली। जिले में मुकदमों की पेंडेंसी, ट्रैफिक मैनेजमेंट और ब्लैक स्पॉट्स, नए कानून संसोधनों आदि पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा- पुलिसिंग के हिसाब से सीकर पुलिस की कई मामलों में पूरे प्रदेश में अच्छी रैंक है, लेकिन अब भी सुधार की गुंजाइश है। इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, भविष्य में इसके अच्छे रिजल्ट्स आएंगे। रेंज स्तर पर स्पेशल ऑपरेशन एंटी वेनम चल रहा एजुकेशन सिटी सीकर में बढ़ती नशे को‌ लेकर आईजी प्रकाश ने कहा- पूरे प्रदेश में रेंज स्तर पर स्पेशल ऑपरेशन एंटी वेनम चलाया जा रहा है। नशे के सप्लायर्स को पकड़ने और कार्रवाई करने का काम किया जाएगा। नशे के डीलर्स, स्मगलर्स और सप्लायर्स की प्रॉपर्टी जब्त की जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि पूरे सीकर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। पूरे जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थ नहीं बिके। विदेश में बैठे बदमाशाें के स्थानीय सोर्स तोड़ेंगे विदेश में बैठकर बदमाशों के व्यापारियों व उद्योगपतियों को धमकियां देने को‌ लेकर आईजी राहुल प्रकाश ने कहा- विदेश में बैठकर जो लोग धमकी दे रहे हैं, उनके स्थानीय सोर्स को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। विदेश में बैठे बदमाशों को स्थानीय स्तर पर सूचना देने वाले, रेकी करने वाले या उनके कहने पर फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। विदेश में छिपे हुए बदमाशों के खिलाफ भी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के जरिए लुकआउट नोटिस जारी करने की कार्रवाई जा रही है और बहुत ही जल्द उन अपराधियों को गिरफ्तार कर भारत लाएंगे। बम से उड़ाने की धमकी से डरने की जरूरत नहीं सरकारी भवन और विधानसभा तक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर आईजी राहुल प्रकाश ने कहा- ऐसे मामलों में SOP तय की गई है, जब धमकी आती है तो पूरी चेकिंग की जाती है। बदमाश इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी की नई तकनीक का उपयोग का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें यह नहीं पता चलता कि यह ईमेल कहां से भेजा जा रहा है और कौन इसे भेज रहा है? फिलहाल यह पता लगाने में थोड़ी तकनीकी समस्या है, लेकिन उस पर भी अब लगातार काम चल रहा है। आने वाले दिनों में इसका भी खुलासा हो सकेगा। IG राहुल प्रकाश ने अपील की है कि आमजन को ऐसी धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है।