सीकर में आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले 5 दिन से पड़ रही तेज गर्मी का असर लगातार जारी है। दिन का तापमान भी 44 डिग्री पहुंच गया। हालांकि अगले 3 दिन मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और तेज हीटवेव चलेगी। इससे पहले सोमवार रात गर्म हवा चलीं और दिनभर धूल भरी तेज हवाओं के बाद शाम को आसमान में बादल छा गए। फतेहपुर इलाके में शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। सीकर में पिछले 2 दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो गया है। अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री रहा बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से आज दिनभर लोग गर्मी से त्रस्त नजर आए। अगले 4 दिन तक तापमान में उतार-चढ़ाव सीकर में अगले 4 दिन तक तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में अब गर्मी से कोई राहत मिलने वाली नहीं है। अब अगले 3 दिन तक हीटवेव चलेगी। इस दौरान बादलों की हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस महीने के अंतिम सप्ताह में नौतपा रहेगा।