सीकर में आज तेज धूप के बीच 5-6 मिनट बारिश हुई। नया वेदर सिस्टम एक्टिव होते ही तेज हवाओं के साथ आई बारिश से उमस बढ़ गई। आज सुबह से सीकर में बादल छाए रहे। बीती रात सीजन की सबसे गर्म रात रही और आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आज सुबह से बादलों के कारण उमस रही। हालांकि आज दिन के अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सीकर समेत पूरे शेखावाटी में गर्मी ने पसीने‌ छुड़ा दिए हैं। एसी-कूलर की जरुरत महसूस होने लगी है। आज सुबह से गर्म हवाओं के साथ बादल छाए रहे। सीकर में आज दिन के तापमान में .5 डिग्री की बढ़ाेतरी हुई है। इससे पहले शुक्रवार की रात सीजन की सबसे गर्म रात रही। दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन हुआ, बादल छाने के कारण धूप कमजोर रही लेकिन भीषण गर्मी फिर भी बरकरार है। सीकर समेत पूरे शेखावाटी में आज पिछले 1 सप्ताह से तेज गर्मी का असर है और अब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो गया है। लोग दिन में बाहर निकलने से बच रहे हैं। बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में 27 अप्रैल तक तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिल सकती है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर जिले में अगले 3 दिन मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज बादलों की आवाजाही बढ़ी है और थोड़ी देर बारिश हुई है। ऐसे में दोपहर बाद उमस बढ़ गई है। रात के मौसम में भी तेज गर्मी महसूस हो रही है। अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है। इस बार क्लाइमेट चेंज की वजह से अप्रैल महीने में भी तेज गर्मी पड़ रही है। 27 अप्रैल तक तेज गर्म हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।