बारां के लोकल गायक कलाकार (सिंगर) कुलदीप महावर (25) ने कर्ज से परेशान होकर सेल्फॉस खाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उसने एक नोट भी लिखा, जिसमें परेशान करने वालों के नाम लिखे हैं। सिंगर कुलदीप सेल्फॉस खाने के बाद दोस्त विनोद के घर चला गया। तबीयत बिगड़ने पर दोस्त से हॉस्पिटल ले जाने को कहा। बुधवार शाम बारां हॉस्पिटल से रेफर होकर आए सिंगर को कोटा हॉस्पिटल में मृत घोषित कर दिया। घटना बारां शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। परिजनों की मौजूदगी में आज सिंगर के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। गायक कलाकर कुलदीप बारां में लंका कॉलोनी का रहने वाला था। उसने सुसाइड नोट में परेशान करने वालों के नाम लिखे हैं। अलविदा सबको कुलदीप ने नोट में लिखा- बंटी सुमन, अंकुश शर्मा, हेमंत राव इन लोगों ने परेशान कर दिया। मेरे पास देने को पैसे भी नहीं है। मेरा किसी ने साथ नहीं दिया, अलविदा सबको। मेरी प्यारी मम्मी, भाई, दादी चाचा, नाना, मामा सबसे मिलने जरूर आऊंगा। इसमें किसी की कोई गलती नहीं है'। दोस्त से बोला-हॉस्पिटल ले चलो दोस्त विनोद ने बताया कि कुलदीप जागरण व धार्मिक प्रोग्राम करता था। उसके पास गाने-बजाने के सामान थे। वह बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मेरे घर आया। उसने कहा मेरा बीपी लो हो रहा है। उसने 50 रुपए दिए और ईनो का पैकेट मंगवाया। आधे घंटे बाद उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गए। कोटा हॉस्पिटल लाते ही दम तोड़ दिया कुलदीप ने कहा कि मुझे हॉस्पिटल ले चलो। उसकी मां और छोटा भाई काम पर गए हुए थे, उन्हें फोन कर बुलाया। उसके बाद उसे बारां हॉस्पिटल लाए। हॉस्पिटल में डॉक्टर के पूछने पर कुलदीप ने सेल्फॉस खाने की बात कही। बारां से शाम को करीब 5 बजे उसे कोटा रेफर किया। कोटा हॉस्पिटल लाते ही उसने दम तोड़ दिया। तीन-चार दिन से परेशान था कुलदीप मां ममता ने बताया कि तीन-चार दिन से कुलदीप परेशान था। पूछने पर भी उसने कोई बात नहीं बताई। आज सुसाइड नोट पढ़कर पता लगा कि उसने 3-4 लाख का कर्ज ले रखा था। ये पता नहीं किस-किस से कर्जा लिया था। उसके पास जागरण में गाने-बजाने के सामान थे। चार-पांच दिन पहले सामान को कोई छीनकर ले गया। कुलदीप को फोन पर धमकियां मिल रही थी। सुसाइड नोट को जांच में शामिल करेंगे बारां कोतवाली थाने के ASI जमनालाल ने बताया कि हॉस्पिटल से युवक के जहर खाने की सूचना मिली थी। तबीयत बिगड़ने से कोटा में उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने रिपोर्ट दी है, जिसमें जहर खाने से तबीयत बिगड़ने की बात लिखी है। साथ ही एक सुसाइड नोट मिलना बताया है। उसे जांच में शामिल करेंगे।