राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम की बैठक प्रांतीय संरक्षक अशोक पाराशर और श्याम सिंह जघीना की उपस्थिति में वैचारिक मंथन के साथ संपन्न हुई। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष होतीलाल जैमन ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 मार्च को दौसा में आयोजित प्रांतीय महासमिति अधिवेशन में लिए गए निर्णयों की अनुपालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर महासमिति में चयनित पदाधिकारियों अशोक पाराशर (प्रांतीय संरक्षक), श्याम सिंह जघीना (प्रदेश संरक्षक), उषा देवी (प्रदेश महिला मंत्री) और पवन शर्मा का सम्मान किया। बैठक में प्रांत द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी उपशाखा अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी को दी गई। साथ ही सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को राज्य सरकार के निर्देशानुसार नामांकन अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राजकीय विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा वर्षा ऋतु में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देशों का भी पालन करने पर जोर दिया। जिला मंत्री सुधीर कटारा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कार्मिकों की ड्यूटी एक ही पारी में लगाने की मांग उठाई। इस संबंध में शीघ्र ही जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं, प्रांतीय पदाधिकारी उषा देवी और पवन शर्मा ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिनों की कटौती का विरोध जताया और इस विषय पर राज्य सरकार को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में राजेश शर्मा, विवेक शर्मा, मनोज शर्मा, कृष्णवीर सिंह, विष्णु दत्त शर्मा, बलवीर सिंह शर्मा, लोकेंद्र कुमार, मुकेश पाराशर, मुरारी लाल शर्मा और बच्चू सिंह शर्मा रहे।