नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कोटा से है। यहां जेके लोन हॉस्पिटल में सीजेरियन डिलीवरी के बाद एक और महिला की मौत हो गई। नाराज परिजन नवजात को लेकर धरने पर बैठ गए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें
1. मूल निवास प्रमाण पत्र के नियमों में बदलाव
राजस्थान में मूल निवास प्रमाण पत्र के नियमों में सरकार ने बदलाव किया है। 10 साल से ज्यादा किराए के मकान में रहने वालों के भी मूल निवास सर्टिफिकेट बन सकेंगे। जिनके माता पिता राजस्थान सरकार में 3 साल से नौकरी में हैं, उनके खुद के और बच्चों के भी मूल निवास प्रमाण पत्र बन सकेंगे। पूरी खबर पढ़ें 2. एक्सीडेंट में मौसेरे भाइयों समेत 3 की मौत
चित्तौड़गढ़ जिले में सड़क हादसे में मौसेरे भाइयों समेत 3 युवकों की मौत हो गई। रविवार देर रात अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी थी। एक्सीडेंट के बाद तीनों 4 घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। राहगीरों ने तीनों को सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पूरी खबर पढ़ें 3. हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा- आपने चुनाव क्यों नहीं कराए
राजस्थान हाईकोर्ट ने प्रदेश में तय समय पर पंचायत और निकाय चुनाव नहीं कराने पर सरकार पर नाराजगी जताई। बैंच ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार का यह रवैया ठीक नहीं है। हम पहले ही पर्याप्त समय दे चुके हैं, लेकिन सरकार लगातार चुनाव टालती जा रही है। पूरी खबर पढ़ें 4. कोटा के सरकारी अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत
कोटा के जेके लोन हॉस्पिटल में सीजेरियन डिलीवरी के बाद 24 घंटे में दूसरी महिला की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और सोमवार को नवजात को लेकर धरने पर बैठ गए। जेके लोन और न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में कुल 4 महिलाओं की मौत हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 5. पुलिस चौकी में खड़ा डंपर ले गए बजरी माफिया
जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र में बेखौफ बजरी माफिया धुंधाड़ा पुलिस चौकी में खड़े बजरी से भरे डंपर को निकाल ले गया। उसमें भरी बजरी को किसी दूसरी जगह खाली करके आया और डंपर को वापस चौकी में खड़ा कर चला गया। मामले में चौकी के स्टाफ की मिलीभगत का शक है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. एक रुपया कम दिया तो छात्र को डंडों से पीटा
हनुमानगढ़ के भादरा थाना इलाके में बस में एक रुपया किराया कम देने पर नाबालिग छात्र को लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। पीड़ित के पिता ने FIR दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस ने मामला गंभीरता से नहीं लिया। वीडियो सामने आने के 2 दिन बाद पुलिस हरकत में आई और 3 लोगों को गिरफ्तार किया। पूरी खबर पढ़ें 7. राजस्थान में घर और जमीन खरीदना होगा महंगा
राजस्थान में एग्रीकल्चर, आवासीय और कॉमर्शियल उपयोग की जमीन की डीएलसी दरें फिर बढ़ने की संभावना है। 1 अप्रैल को ही सरकार ने सभी जगहों पर डीएलसी दरों में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। अब एक बार फिर दरें बढ़ने से जमीन, फ्लैट और मकान की रजिस्ट्री कराना महंगा हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 8. लव मैरिज करने वाले जोड़े के परिजनों-वकीलों में मारपीट
अजमेर में लव मैरिज करने के बाद युवक-युवती एसपी ऑफिस में सुरक्षा मांगने पहुंचे। इस दौरान युवक-युवती के परिजनों और पैरवी करने पहुंचे वकीलों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. घर में टैंक की सफाई करते समय निकले 11 सांप
कोटा के एक घर में पानी के टैंक की सफाई करते समय 11 सांप दिखाई दिए। सांपों को देखकर परिवार के लोग डर गए। सूचना पर पहुंचे रेस्क्यूअर ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद टैंक से एक-एक फीट लंबे 11 सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस कल
जोधपुर शहर का 568वां स्थापना दिवस समारोह 12 मई को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में मनाया जाएगा। पूर्व राजपरिवार की ओर से इसमें 19 प्रतिभाओं को मारवाड़ रत्न से नवाजा जाएगा।