राजस्थान में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), ई-डिटेक्शन चालान और परमिट को लेकर चल रही ट्रांसपोर्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। परिवहन मुख्यालय में ट्रांसपोर्ट संगठनों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। इसके बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। बैठक के बाद परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों की मांगों पर कार्रवाई को लेकर लिखित आदेश जारी किए हैं। विभाग ने कहा- कुछ मांगों पर तत्काल निर्णय लिया गया है, जबकि बाकी मुद्दों के समाधान के लिए समिति बनाकर आगे कार्रवाई की जाएगी। VLTD को लेकर पहले ही जारी हो चुकी है नई SOP परिवहन विभाग ने बताया- 13 जुलाई को ही व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) को लेकर नई SOP जारी की गई थी। इसके तहत अधिकृत कंपनियों के जरिए वाहन मालिकों को डिवाइस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि पहले आ रही दिक्कतें दूर हो सकें। ई-डिटेक्शन चालानों के लिए बनेगी समिति विभाग ने ई-डिटेक्शन चालानों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय समिति गठित करने का फैसला लिया है। यह समिति ट्रांसपोर्टरों की शिकायतों और मांगों की जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए सिफारिश करेगी। हर जिले में बढ़ेंगे फिटनेस सेंटर परिवहन विभाग ने बताया- वर्तमान में 40 ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन को अनुमति दी जा चुकी है। 43 नए केंद्रों को प्रारंभिक स्वीकृति मिल चुकी है। इनके शुरू होने के बाद लगभग हर जिला मुख्यालय पर वाहन फिटनेस की सुविधा उपलब्ध होगी। हर महीने होगी शिकायतों पर बैठक विभाग ने जिला परिवहन कार्यालय स्तर पर शिकायत निवारण व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत हर महीने के पहले सोमवार को वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के साथ बैठक होगी। जिला स्तर पर नहीं सुलझने वाली समस्याओं को परिवहन मुख्यालय भेजा जाएगा। वाहन मालिकों से दुर्व्यवहार पर होगी कार्रवाई बैठक में यह भी तय किया गया कि परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी वाहन मालिकों और ड्राइवरों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करेंगे। इस संबंध में परिवहन मुख्यालय की ओर से अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। फिटनेस प्रक्रिया होगी आसान विभाग ने आदेश में कहा कि वाहन फिटनेस की प्रक्रिया को और आसान बनाया जाएगा, ताकि वाहन मालिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। विभाग ने स्पष्ट किया कि ट्रांसपोर्टरों की अन्य मांगों पर भी विभागीय समिति कानूनी पहलुओं का परीक्षण करेगी और उसकी सिफारिश के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। हड़ताल खत्म, परिवहन व्यवस्था होगी सामान्य बैठक में सहमति बनने के बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल खत्म होने के साथ ही प्रदेश में माल ढुलाई का काम धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने कहा- विभाग ने उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल की है और लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस लिया गया है।