पाली जिला मुख्यालय से सिर्फ 8 और 16 किलोमीटर दूर आकेली और उतवण गांव के लोग पिछले 10-12 दिनों से पीने के पानी के लिए परेशान हैं। दोनों गांवों में पानी की सप्लाई बंद है। लोग 700 से 1000 रुपए खर्च कर पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। शादी वाले घर में भी पानी का संकट पाली से करीब 8 किलोमीटर दूर आकेली गांव में करीब 250 घर और 1500 लोग रहते हैं। यहां पिछले 10-12 दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। गांव के राजेंद्र डाबी ने बताया कि 5 और 6 जुलाई को उनके दो बेटों की शादी है। घर में मेहमान आ चुके हैं, लेकिन पानी नहीं आने से उन्हें टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। उतवण में महिलाओं ने मटके फोड़कर जताया विरोध पाली से करीब 16 किलोमीटर दूर उतवण गांव में करीब 3 हजार लोग रहते हैं। यहां भी पिछले 10-12 दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। गांव के विकास मीणा ने बताया कि पानी नहीं आने से परेशान महिलाओं ने दो दिन पहले मटके फोड़कर विरोध किया था। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आखिर कब तक लोग अपनी जेब से पैसे खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाते रहेंगे। गांव के ज्यादातर लोग किसान और मजदूर हैं, इसलिए बार-बार टैंकर मंगवाना उनके लिए आसान नहीं है। मोटर खराब होने से आई दिक्कत जलदाय विभाग के जेईएन दीपक कुमार ने बताया कि मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई देने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सदावास और बालेलाव में पानी की सप्लाई दी गई थी। उन्होंने कहा कि आज नई और बड़ी मोटर आ रही है। इसके बाद आकेली, उतवण और आसपास के अन्य गांवों में शेड्यूल बनाकर नियमित पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।