विश्वकर्मा युवा मित्र मंडल और राजस्थान प्रदेश सभा के युवा प्रकोष्ठ ने संयुक्त रूप से प्रथम अखिल राजस्थान विश्वकर्मा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक हुई। इसमें स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वकर्मा समाज की युवा पीढ़ी के बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना और उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखना है। इसका लक्ष्य स्कूली छात्रों को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक मंच प्रदान करना है। यह प्रतियोगिता जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित की गई। 84 फीसदी छात्रों ने दी परीक्षा सिरोही जिले के परीक्षा केंद्र आनंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में कुल 115 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 96 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। सिरोही जिला परीक्षा केंद्र प्रभारी देवाराम सुथार ने बताया कि जिले में कक्षा 6 से 12 तक के पंजीकृत परीक्षार्थियों की उपस्थिति 84% रही। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विश्वकर्मा सुथार समाज छात्रावास सिरोही कमेटी के अध्यक्ष मंचाराम, उपाध्यक्ष दलाराम, सचिव अमृतलाल और कोषाध्यक्ष लालाराम सहित सुथार समाज के कई प्रबुद्धजनों का सहयोग मिला। परीक्षा व्यवस्था में ऑब्जर्वर विष्णु किंजा, केंद्राधीक्षक आनंद मिश्रा और सह प्रभारी शांतिलाल सुथार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नरेश कुमार सुथार, सुरेश कुमार, प्रदीप कुमार और श्यामलाल सुथार जैसे समाज के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सेवाएं दीं।