राजस्थान के 7 जिलों में शनिवार को तेज बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर जिले में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भी अभी कई जिलों में दिन का तापमान 38 डिग्री से अधिक दर्ज हो रहा है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट हो रही है। शुक्रवार को सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा। यहां न्यूनतम तापमान सीजन में पहली बार 13 डिग्री से भी कम रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले शुक्रवार को दोपहर बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में बदलाव हुआ। दौसा, सीकर, भरतपुर, जयपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश से मध्यम बारिश हुई। वहीं अलवर में तूफान के साथ बारिश और ओले भी गिरे। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भी कुछ जगह ओले गिरे। मौसम के बड़े अपडेट्स दिन में गर्मी कम हुई: हल्की बारिश के असर से दिन में गर्मी कम हुई है। शुक्रवार को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, फलोदी, सीकर, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे ज्यादा गर्म जिला बाड़मेर रहा। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब रहा। उदयपुर, भीलवाड़ा में रात को हल्की सर्दी: उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद एरिया में हाल ही दशहरा पर हुई बारिश और ओलावृष्टि के असर से रात को सर्दी बढ़ गई। उदयपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, हिल स्टेशन माउंट आबू के रात के तामपान में लगातार गिरावट हो रही है। शुक्रवार को भी यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री तक गिर गया। आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जयपुर संभाग एरिया में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 25 अक्टूबर से फिर मौसम में बदलाव होगा। पूरे प्रदेश में मौसम ड्राई रहने लगेगा। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: गुलाबी नगरी में ​वेस्टर्न डिर्स्टबेंस का असर दिखा। शुक्रवार दोपहर को हल्के बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बारिश से देर शाम जयपुर में हल्की ठंडक हो गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- जयपुर में शनिवार को भी इस सिस्टम का असर दिख सकता है। सीकर: शहर में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे मौसम में बदलाव हुआ। पहले बादल छाए और फिर सीकर जिला मुख्यालय समेत कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। अजमेर: शहर में शुक्रवार को दिनभर गर्मी का असर रहा। शहर में तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है। जोधपुर: शहर में गर्मी का असर बना हुआ है, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।, यह सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। बीते कुछ दिनों से रात को हल्की ठंड होने लगी है। उदयपुर: लेकसिटी में दिन में गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री बढ़ा, जबकि न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट आई। अलवर: शहर में शुक्रवार सुबह से मौसम सामान्य रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। दोपहर 2 बजे तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद करीब 3 बजे आसमान में घने बादल छा गए और तेज तूफानी हवा चलने लगीं। साथ ही करीब 20 मिनट तक बारिश हुई। इस दौरान शहर सहित जिले के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। अचानक बदले मौसम से दिन में ही तापमान में गिरावट आ गई। बारिश और ओले गिरने के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। कोटा: शहर में अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम हल्की सर्दी होने लगी है। कोटा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। दोपहर में तापमान अधिक होने से हल्की गर्मी का अहसास रहा। मौसम विभाग के अनुसार- आगामी दिनों में तापमान में कमी आएगी। हालांकि मौसम ड्राई बना रहेगा।