वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आज सुबह सीकर में मौसम बदल गया है। नए वेदर सिस्टम के असर से आज सुबह जिला मुख्यालय समेत सहित कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ ग्रामीण इलाकों में आज तड़के भी हल्की बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण बीती रात सर्दी कम रही, आज सुबह से बरसाती हवाएं चल रही हैं। आज सुबह हवा में भी ठंडक हो गई है। आज और कल सीकर समेत आसपास के इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया था। गुरुवार शाम को बादलों की आवाजाही शुरु हो गई थी। आज सुबह सीकर जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 5 अप्रैल से मौसम में फिर बदलाव होगा। आज सुबह घनघोर बादल छाए। बादलों की तेज गर्जना हुई और उसके बाद बूंदाबांदी हुई। तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश हुई। हल्की बारिश के बाद ठंडी हवा चल रही है। मौसम बदलने के साथ फिर से हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार आज सुबह हुई बारिश के बाद अब 1-2 दिन हवाओं में हल्की ठंड का एहसास हो सकता है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर सीकर और शेखावाटी समेत उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ज्यादा रहेगा। 5 अप्रैल तक तापमान में थोड़ी कमी होगी, लेकिन उसके बाद वापस हल्की तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी, हालांकि इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।