सलूंबर के झल्लारा बुड़ेल गांव के झाला फला में एक महिला का शव खेत में आम के पेड़ से चुनरी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय महिला के देवर की बारात वापस लौटी थी और घर में नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। ग्रामीणों ने खेत में पेड़ से लटकता शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। देवर की शादी थी भबराना पुलिस चौकी प्रभारी पूंजी लाल मीणा ने बताया- महिला के देवर की शादी थी। सुबह परिवार के सभी सदस्य बारात लेकर गए थे। महिला का पति भी अहमदाबाद से शादी में शामिल होने आया था और बारात के साथ गया हुआ था, जिससे महिला घर पर अकेली थी। 500 मीटर दूर खेत में मिला शव बारात लौटने के बाद घर में नववधू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि महिला का शव 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर लटका हुआ है। इस खबर से शादी का माहौल गमगीन हो गया। तीन साल पहले हुई थी शादी बताया गया है कि महिला की शादी लगभग तीन साल पहले हुई थी और दंपती की कोई संतान नहीं थी। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलने पर भबराना पुलिस चौकी और झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सीआई जय किशन फुलवारिया ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इनपुट- नाथू लाल सालवी, झल्लारा