अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के साड़ोली गांव में सात बच्चों की मां अजमीरा (38) ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मृतका के पति इलियास ने बताया कि उन्होंने कभी अपनी पत्नी पर हाथ नहीं उठाया। परिवार में किसी तरह का विवाद या झगड़ा भी नहीं था। अजमीरा कुछ दिन पहले आंखों की हल्की समस्या के कारण डॉक्टर को दिखा चुकी थीं, लेकिन कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। फिर भी शनिवार शाम को उन्होंने अचानक जहरीली दवा खा ली। इलियास खुद ड्राइवर हैं और कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। पत्नी को तुरंत अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार रात को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। सात छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बगड़ तिराहा थाना पुलिस ने सोमवार को पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कहा है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है ताकि सुसाइड के सही कारण पता चल सके।