राजस्थान कुश्ती संघ की ओर से खेल संकुल बूंदी में आयोजित 2 दिवसीय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का मंगलवार देर शाम समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के नामी और उभरते पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, जिससे खेल संकुल तालियों और नारों से गूंज उठा। अश्वनी विश्नोई, अंकित कंवर रही टॉपर प्रतियोगिता में 68 किलो महिला वर्ग में भीलवाड़ा की अश्वनी विश्नोई प्रथम, 76 किलो में जयपुर की अंकित कंवर शेखावत प्रथम, 74 किलो फ्रीस्टाइल में अजमेर के आर्यन शर्मा, 82 किलो ग्रीको-रोमन में भीलवाड़ा के प्रदीप जाट, 130 किलो में सीकर के सचिन कुमार समोटा, 67 किलो में भरतपुर के राहुल सिंह और 87 किलो में जयपुर के अमन कुमार सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजीव दत्ता रहे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में युवाओं का जोश देखकर यह स्पष्ट है कि राज्य में कुश्ती का भविष्य उज्ज्वल है। दत्ता ने बताया कि संघ की टीम आने वाले समय में हर जिले में जाकर नई प्रतिभाओं को तराशेगी, ताकि ग्रामीण और कस्बों का टैलेंट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सके। उन्होंने सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की। कुश्ती हमारी प्राचीन और गौरवशाली परंपरा कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जो हमें अनुशासन, साहस और संघर्ष सिखाती है। विधायक शर्मा ने पिछले डेढ़ साल में प्रदेश में कुश्ती के माहौल में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। समापन पर मुख्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता पहलवानों को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजन सचिव भरत शर्मा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। अंत में आयोजन समिति संयोजक सुनील जैन और कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का साफा बांधकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिन्ह भेंटकर पारंपरिक स्वागत किया। मंच संचालन कवि भूपेंद्र राठौड़ ने किया। कार्यक्रम में संघ प्रदेश सचिव उम्मेद सिंह, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खान मोहम्मद, पूर्व सभापति महावीर मोदी, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कोच और खेल प्रेमी मौजूद रहे कुश्ती संघ अध्यक्ष राजीव दत्ता का भव्य स्वागत बूंदी में होटल सेवन हिल्स में भाजपा युवा नेता ओम धगाल के नेतृत्व में राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजीव दत्ता का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण व साफा पहनाकर भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान दत्ता ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।