बाड़मेर शहर में बुधवार देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने किराना व्यापारी का लाठी से सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं जब मामला दर्ज किया तो बदमाशों ने उसकी दुकान पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। मामला शहर के सेंट पॉल स्कूल रोड का है। जहां हिम्मताराम की किराना की दुकान और प्रोविजन स्टोर है। रात करीब 10:30 बजे हिम्मताराम का किसी दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया था। इस बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोग हिम्मताराम की दुकान तक पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। इस बीच बदमाशों ने बीच सड़क गाड़ियां दौड़ाई और दुकान में तोड़फोड़ भी की। इसके बाद सभी गाड़ियों में सवार होकर वहां से फरार हो गए। दुकानदार बोला-हमला करने वालों को मैं नहीं जानता घायल हिमताराम ने बताया- मेरी दुकान न्यू बजरंग प्रोविजन सेंट पॉल स्कूल रोड पर है। रात को कैंपर, स्कॉर्पियो में सवार होकर 8-10 लोग लाठी-डंडे लेकर आए। दुकान में तोड़फोड शुरू कर दी। मेरे साथ भी मारपीट की। बदमाशों ने लाठी-डंडे से मुझ पर हमला कर दिया और सिर फोड़ दिया। इसके बाद जब हम लोग थाने में मामला दर्ज करवाने गए तो ये दोबारा आए और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। यहां सारा सामान बिखेर दिया और कांच के शीशे तोड़ दिए। दुकानदार ने बताया कि हमला करने वाले कौन थे और क्यों मारपीट की हमें नहीं पता। घायल हिमताराम के भाई दिनेश ने बताया कि- भूपेंद्र, दुष्यत, मगराज मोहनलाल, जसू, सरूप अपने साथियों के साथ आए थे। इस हमले में भाई के सिर पर चोट लगी है और पांच टांके आए है। फिलहाल बाड़मेर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती है। रीको थाने के एसआई लूणदान ने बताया- सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। वहां पर दुकान में तोड़फोड़ हुई थी। वहीं एक युवक घायल का मेडिकल करवाया गया है। आज रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं बदमाशों की तलाश की जा रही है। बोले-दुकान चलानी है तो हफ्ता देना होगा रीको पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाश 4 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और मारपीट भी की। इस दौरान दुकान में रखे 4 हजार रुपए लूटकर भाग गए। दुकानदार ने बताया कि बदमाश धमकी देकर गए है कि दुकान चलानी है तो हफ्ता देना होगा। इस तोड़फोड़ में करीब 1 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।