जालोर में शुक्रवार देर रात साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक थर्ड फेज स्थित एक ग्रेनाइट फैक्ट्री में मजदूरी करता था और वहीं रह रहा था। मृतक की पहचान पीजोपुरा निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र ऊकाराम मीणा (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लालगढ़ जाने वाली एक्सप्रेस से हुआ हादसा कोतवाली थाना के एएसआई हंसाराम ने बताया- साबरमती से बीकानेर होते हुए लालगढ़ जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार रात करीब 11:31 बजे जालोर क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। ग्रेनाइट फैक्ट्री में मजदूरी करता था युवक शनिवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेहन्द्र कुमार जालोर के थर्ड फेज स्थित एक ग्रेनाइट फैक्ट्री में मजदूरी करता था और वहीं रह रहा था। घटना के समय उसके कान में एयरफोन लगे होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि युवक देर रात रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।