मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एलएनटी मशीन ले जा रहे ट्रक की टक्कर में एक टीचर सहित 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा 14 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे माचलपुर (MP) में पीपल्याकुल्मी रोड स्थित तेजरा पेट्रोल पंप के पास हुआ। ट्रॉली में सवार लोग एक विवाह समारोह में जा रहे थे। झालावाड़ (राजस्थान) के अस्पताल चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया- राजगढ़ (MP) जिले के गांव सांवलपुरा से नयागांव जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 35 से 40 लोग सवार थे। वे एक शादी समारोह में खाना खाने जा रहे थे। गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पास के नाले में पलट गई। एक महिला की मौके पर ही मौत, दो ने रास्ते में तोड़ा दम हादसे में कचनारिया (राजगढ़) निवासी कबूबाई (60) की मौके पर ही मौत हो गई। शिक्षक बालकृष्ण दांगी (45) और सलोनी (10) ने अस्पताल ले जाते समय झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल माचलपुर (MP) अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल और झालावाड़ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज माचलपुर अस्पताल में जारी है। नाले में गाड़ी गिरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का इंजन और पहिए अलग हो गए, जबकि ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर नाले में गिर गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दो शवों का झालावाड़ और एक का एमपी में हुआ पोस्टमॉर्टम झालावाड़ अस्पताल पहुंचे खिलचीपुर (MP) पुलिस ने एसआरजी अस्पताल (झालावाड़) की मॉर्च्युरी में रखे सलोनी और शिक्षक बालकिशन के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है, जबकि एक अन्य बुजुर्ग महिला के शव का पोस्टमॉर्टम एमपी में कराया गया है।