केंद्र सरकार के खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत राजसमंद में अस्मिता फुटबॉल लीग 2025-26 का आयोजन किया गया। इस लीग में धौलपुर की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने बताया कि लीग के दौरान धौलपुर की टीम ने राजसमंद पर 4-0 से जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल मैच में धौलपुर का मुकाबला एम.एस.आर. क्लब बीकानेर से हुआ, जिसे देश के बड़े क्लबों में गिना जाता है। इस मैच में धौलपुर की टीम ने बीकानेर को पूरे समय दबाव में रखा और मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में धौलपुर ने 4-2 से जीत हासिल की। खिलाड़ियों को एक ही दिन में तीन मैच खेलने के कारण काफी थकावट थी, इसके बावजूद उन्होंने तीसरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। झुंझुनू के खिलाफ मैच भी 1-1 से ड्रॉ रहा, लेकिन पेनल्टी शूटआउट में टीम को 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। टीम का यह प्रदर्शन एक ही दिन में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा है। मान ने बताया कि धौलपुर में शहीद भगत सिंह फुटबॉल प्रीमियर लीग के बाद फुटबॉल का माहौल काफी बेहतर हुआ है। पहले जहां बालिका वर्ग में फुटबॉल टीम बनाना मुश्किल था, वहीं अब धौलपुर की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। अस्मिता फुटबॉल लीग में धौलपुर की बेटियों को पहली बार अवसर मिला और उन्होंने अपना अब तक का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। धौलपुर की टीम में सुरभि, नंदिनी, तन्वी, मानसी, रक्षिता, रूबी, राधिका, शिखा, छोटी, आचिका, मनप्रीत, कामिनी, शिल्पी, शिवानी, सोनम और वंदना शामिल थीं।