राजसमंद जिले के छापली घाट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। हादसा करीब दोपहर पौने 2 बजे हुआ। टैंकर उदयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था। टैंकर पलटते ही उसमें आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हाईवे पर ट्रैफिक बंद किया आग की गंभीरता को देखते हुए फोरलेन हाईवे पर तुरंत ट्रैफिक बंद कर दिया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी गई। सूचना मिलने पर दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। 2 घंटे में बुझी आग वहीं पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आमेट, राजसमंद और देवगढ़ से कुल 5 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल टैंकर में लगी आग पूरी तरह बुझ चुकी है, लेकिन ड्राइवर और खलासी की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। टैंकर हटाने के बाद ही जनहानि की स्थिति साफ हो सकेगी। इस दौरान फायरमैन पुरण पुरी गोस्वामी, दिलीप मेघवाल, दिनेश रैगर , आकाश माली सहित फायर कर्मचारी मौजूद रहे। देखें तस्वीरें… 1. टैंकर में लगी आग को देखने भीड़ जुटी 2. पहाड़ों के बीच से धुआं नजर आ रहा था 3. 5 फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई 4. आग बुझाने के बाद रास्ता खोला गया