राजसमंद कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने शनिवार को कुंभलगढ़ उपखंड के सघन वन क्षेत्र और ऊंची पहाड़ियों के बीच बसे दूरस्थ राजस्व गांव रूपनगर का दौरा किया। इस गांव में अब तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पहली बार किसी कलेक्टर को अपने बीच पाकर खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। कलेक्टर ने मौके पर ही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए गांव के विकास के लिए योजना बनाने की बात कही। गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी करीब 20 से 30 भील जनजाति परिवारों वाले इस गांव में पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। कलेक्टर हसीजा दुर्गम रास्तों से होते हुए गांव पहुंचे और पैदल घर-घर जाकर ग्रामीणों से बात की। उन्होंने जिला परिषद सीईओ को मनरेगा कार्य शुरू करवाने, सीएमएचओ को स्वास्थ्य सेवाएं विकसित करने और सीडीईओ को शैक्षणिक व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही उपखंड अधिकारियों को ऐसे उपेक्षित गांवों की पहचान कर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने क्षेत्र के प्राचीन जर्जर दुर्ग का अवलोकन कर विकास संभावनाओं का भी जायजा लिया।