राजसमंद जिले ने एग्रिस्टैक (फार्मर रजिस्ट्री) योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया है। इस सफलता पर कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने पूरी टीम को श्रेय देते हुए सराहना की है और कहा कि यह टीम वर्क से हासिल की गई उपलब्धि है। जिला प्रशासन के प्रयासों से सभी पात्र किसानों को योजना से जोड़ते हुए लाभान्वित करने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। जनवरी 2026 तक जहां पंजीकरण प्रगति 83.96 प्रतिशत थी, वहीं कलेक्टर के प्रयासों से इसे 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया। प्रशासन द्वारा 'कृषक अधिकार पंजीयन पखवाड़ा' के तहत गांव-गांव शिविर लगाए गए। दिन में व्यस्त रहने वाले किसानों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया गया और राजस्व कार्मिकों ने डोर-टू-डोर संपर्क कर पंजीकरण सुनिश्चित किया। 29 दिसंबर 2025 तक 1,70,148 पंजीकरण थे, जो 1 अप्रैल 2026 तक बढ़कर 2,02,782 हो गए, जो कुल लक्ष्य 2,02,658 के मुकाबले 100.06 प्रतिशत है। तहसीलवार प्रगति में भी राजसमंद, कुंभलगढ़, आमेट और कुंवारिया सहित अधिकांश क्षेत्रों ने 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज की। देलवाड़ा, देवगढ़, रेलमगरा, खमनोर और नाथद्वारा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।