राजसमंद के एक खेत में 13 फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया। मामला जिले के खमनोर ब्लॉक स्थित सांयो का खेड़ा पंचायत क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार- ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम चिकलवास के पास सांयो का खेड़ा स्थित एक में पहुंची, जहां खेत में करीब 13 फीट लंबा एक मगरमच्छ पड़ा था। विभाग की टीम ने सावधानी बरतते हुए ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में डाला गया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मगरमच्छ को नजदीकी तालाब में सुरक्षित छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में पशुओं के बाड़े बने हुए हैं, ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से जानवरों की सुरक्षा को खतरा था। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जंगली जीव अक्सर छांव और पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।