राजसमंद में मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थधाम सांवरिया सेठ के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने गौ सेवा के नाम पर ऑनलाइन डोनेशन लेने के बाद कार और बुलेट मोटरसाइकिल लकी ड्रा में निकलने का झांसा देकर हजारों रुपए एडवांस जमा कराने की कोशिश की। हालांकि पीड़िता की सतर्कता से ठगी की वारदात टल गई। पीड़िता आशा सहयोगिनी मीना दवे ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक लिंक आया, जिसमें गौ सेवा के लिए 199 रुपए दान करने की अपील की गई। उन्होंने श्रद्धा से 199 रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद फोन कर बताया गया कि लकी ड्रा में उनके नाम कार निकली है और जीएसटी के नाम पर 35 हजार रुपए जमा कराने होंगे। शक होने पर उनके पति ने भी 199 रुपए भेजे तो उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल निकलने का दावा करते हुए 12,500 रुपए जमा कराने के लिए कहा गया। दोनों से आधे घंटे के भीतर रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया गया। दंपती ने तुरंत राजसमंद साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आस्था के नाम पर मिलने वाले किसी भी ऑनलाइन लिंक, लकी ड्रा या डोनेशन के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।