राजसमंद में साइबर अपराधों की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग में साइबर जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। SP हेमन्त कलाल के निर्देशन तथा साइबर पुलिस थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद दाधीच के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा मुख्य अतिथि रहे। APK फाइल भेज कर ठग रहे कार्यशाला में प्रोग्रामर खैरूल वसीम ने बताया कि साइबर अपराधी इन दिनों "Challan.apk", "Traffic Challan.apk" और "e-Challan.apk" जैसी फर्जी फाइलें वॉट्सऐप, एसएमएस और सोशल मीडिया के माध्यम से भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इन एपीके फाइलों को मोबाइल में इंस्टॉल करते ही अपराधी बैंकिंग ओटीपी, एसएमएस, फोटो, संपर्क सूची और अन्य व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं, जिससे बैंक खाते से रकम निकालने और सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने का खतरा रहता है। आधिकारिक एप ही डाउनलोड करें सूचना सहायक दलवीर सिंह मीना ने लोन स्कैम, सोशल मीडिया स्कैम, पहचान की चोरी तथा साइबर अपराध की रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों ने केवल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करने, अज्ञात लिंक या एपीके फाइल से बचने, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने व साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।