राजसमंद में रीको क्षेत्र धोइंदा में स्थित सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली छात्रों और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग करियर पॉइंट गुरुकुल और स्कूल की ओर जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। सड़क पर मिट्टी डाली स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास के मार्बल व्यवसायियों ने सड़क पर मिट्टी डालकर उसे समतल करने का प्रयास किया, लेकिन यह अस्थायी उपाय अब समस्या का कारण बन गया है। कच्ची मिट्टी के चलते सड़क पर लगातार धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे वाहन चालकों को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता। दुर्घटनाएं हो रही खासतौर पर बाइक और स्कूटी सवारों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है। बड़ी गाड़ियों के गुजरने पर धूल इतनी अधिक उड़ती है कि सामने कुछ भी देख पाना मुश्किल हो जाता है। इस कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और कई छात्र-शिक्षक फिसलकर गिर चुके हैं। हालांकि अब तक कोई गंभीर चोट की सूचना नहीं है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने सड़क के शीघ्र पक्की करने की मांग की है।