राजसमंद में पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल) के अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सेमिनार एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वी विश फोर संस्थान की ओर से स्कूलों में सेमिनार व पोस्टर प्रतियोगिताएं हुईं। संस्थान अध्यक्ष डॉ. राकेश तैलंग ने बताया- आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। पृथ्वी दिवस का महत्व समझाया संस्थान सचिव लेफ्टिनेंट डॉ. विनीता पालीवाल ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल धोइंदा एवं संस्कार माध्यमिक स्कूल, कमल तलाई (कांकरोली) में आयोजित सेमिनार में पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा-छोटे-छोटे प्रयासों से भी पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। सेमिनार में ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, वनों की कटाई, वन्यजीव संरक्षण और प्लास्टिक वेस्ट जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रीन ट्रांसपोर्ट, स्वच्छ ऊर्जा, पौधारोपण और सतत विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम के तहत पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण और स्वच्छ पर्यावरण पर आकर्षक पोस्टर बनाए गए। प्रतियोगिता में शिवानी कुमावत प्रथम और लक्षिता कुमावत द्वितीय स्थान पर रहीं। सेमिनार के समापन पर सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।