राजसमंद में भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ देखने को मिला। सुबह से ही तेज धूप के कारण तापमान लगातार बढ़ता गया, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बाजारों में आम दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक कर दिया है। वहीं शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्यरत श्रमिकों का समय भी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दोपहर होते-होते शहर के प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसर गया। 100 फीट रोड, राजनगर-कांकरोली मार्ग, जल चक्की-धोइंदा मार्ग और भीलवाड़ा रोड पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों से काफी कम रही। दोपहिया वाहन चालकों ने गर्मी से बचने के लिए गमछा, टोपी और चश्मे का सहारा लिया, वहीं पैदल राहगीर छांव की तलाश करते नजर आए। राजनगर, कांकरोली और धोइंदा क्षेत्र में शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई। इसके अलावा कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए राजसमंद झील में स्नान करते हुए दिखाई दिए।