राजसमंद के देवगढ़ थाना पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक खातों की डिटेल के आधार पर गुजरात के भीलाड से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें ऑनलाइन ठगी की रकम जमा कराने के लिए खाता उपलब्ध करवाना सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, 20 मार्च 2025 को विजयपुरा निवासी मोहनलाल बुनकर ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी माताजी के घुटने का देशी तरीके से इलाज करने के नाम पर डॉ. जरिवाल सहित अन्य लोगों ने उनसे करीब 17 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट दी और कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवगढ़ थानाधिकारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। बैंक खातों की डिटेल पता लगाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने भीलाड, वापी क्षेत्र से विनोद कुमार यादव को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी ऐसे लोगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था, जिनमें ऑनलाइन ठगी की रकम जमा कराई जाती थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में जांच कर रही है।