राजसमंद में खमनोर थाना क्षेत्र में चोरों ने अनोखे तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कार में सवार होकर आए चोरों ने सबसे पहले कई ग्रामीणों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद किए। जिससे लोग घरों में ही कैद रहे। ​फिर चोरी करके फरार हो गए। मामला गुरुवार रात का सायों का खेड़ा स्थित मड़का गांव का है। 11 मकान, मंदिर और दुकान को बनाया निशाना चोरों ने बेखौफ होकर करीब 11 मकानों, एक मंदिर और एक दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने कई मकानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी करके ले गए। ग्रामीण किशोर सिंह के घर से करीब 5 हजार रुपए, नरेगा मजदूर कालू सालवी के घर से 2300 रुपए और शिवसिंह के सूने मकान से करीब 5 हजार रुपए चोरी करके ले गए। वहीं नाथू सिंह के घर से नकदी और मादलिया भी चोरी कर लिए गए। इसके अलावा राडाजी बावजी मंदिर के ताले तोड़कर करीब 1500 रुपए का चढ़ावा भी चुरा लिया गया। एक दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीण के पहुंचने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही सुबह घटना का पता चलने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि हाल की चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।