राजसमंद में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग-162ई पर चारभुजा से भटेवर तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उस स्थल का भी जायजा लिया, जहां गत 14 अप्रैल को सीमेंट स्लैब्स लॉन्चिंग के दौरान नीचे गिर गया था। हादसे के कारणों की जानकारी ली निरीक्षण के दौरान सांसद ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी ली और कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। समझौता स्वीकार नहीं सांसद ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और पूर्ण सतर्कता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। काम पूरा होने की तारीख पूछी इसके साथ ही उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संभावित कार्य पूर्णता तारीख के बारे में भी पूछा। हाईवे प्राधिकरण और निर्माण एजेंसी ने उन्हें कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। सांसद ने कहा कि यह सड़क आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए गुणवत्ता, सुरक्षा और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।