राजसमंद में नेगड़िया में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के डायवर्जन पर लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही के कारण एक ही जगह अब तक 8 से 10 बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। रोजाना बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। सोमवार रात भी डायवर्जन पर बाइक हादसे में दो लोग गंभीर घायल हो गए। सोमवार रात फिर हुआ हादसा, दो लोग गंभीर घायल जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भी डायवर्जन पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासी सुनील जोशी ने बताया - निर्माण कार्य कर रही एजेंसी ने डायवर्जन पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर नहीं लगाए हैं और रात के समय रोशनी की भी व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा बनाया गया कट इतना संकरा है कि वाहन चालकों को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन मिट्टी में चढ़कर पलट जाते हैं। कई बार शिकायत, फिर भी नहीं सुधरे हालात स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ठेकेदार और टोल प्लाजा पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। एनएचएआई और निर्माण एजेंसी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर कई कार, ट्रक और बसें दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया।