राजसमंद में आगामी पंचायतीराज चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजसमंद पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधिकारी चुनावी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ बंशीलाल के सुपरविजन में सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। डीएसपी नेत्रपाल सिंह, शिप्रा राजावत, राकेश वर्मा और जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। इस दौरान संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। बाजारों और गांवों में गश्त चुनाव के मद्देनजर बाजारों, गांवों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त की जा रही है। पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च भी निकाला जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। निर्भीक होकर मतदान करने की अपील पुलिस ग्रामीणों से संवाद कर निर्भीक होकर मतदान करने की अपील कर रही है। मतदाताओं से कहा जा रहा है कि वे किसी भी तरह के भय, दबाव या प्रलोभन में आए बिना अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और बिना पुष्टि के भ्रामक फोटो, वीडियो या संदेश सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है। साथ ही, संदिग्ध गतिविधि या मतदाताओं को डराने-धमकाने की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।