राजसमंद पुलिस ने झीलवाड़ा-टुंडरा बेरी रोड पर एक स्कॉर्पियो से 454.385 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। कीमत 68 से 70 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी पुलिस पर फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और तीन फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। नाकाबंदी के दौरान भागने की कोशिश, पुलिस पर की फायरिंग पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में डीएसटी, साइबर टीम और चारभुजा थाना पुलिस ने झीलवाड़ा-टुंडरा बेरी रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक आरोपी जंगल में भाग निकला, जबकि चालक गोविंद उर्फ गोविंद पाल, निवासी भियाड़ (जिला बाड़मेर) को गिरफ्तार कर लिया गया। 25 कट्टों में मिला डोडा चूरा, तीन फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें रखे 25 कट्टों से 454.385 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। वाहन से तीन फर्जी नंबर प्लेट भी मिली हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।