राजसमंद पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए एक लापता बालक को तलाश कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया। SP हेमंत कलाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अनुसंधान सेल) रजत बिश्नोई के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। 1 जुलाई को बिना बताए घर से चला गया ​था जानकारी के अनुसार 1 जुलाई की शाम कालिका पेट्रोलिंग यूनिट क्रमांक-05 पर नियुक्त महिला कांस्टेबल शारदा और महिला कांस्टेबल सुमित्रा गश्त पर थी। इसी दौरान बडारड़ा निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे के दोपहर करीब 2 बजे घर से बिना बताए निकल जाने की सूचना दी। परिजनों को जानकारी मिली थी कि बालक एरिगेशन क्षेत्र में देखा गया है, लेकिन वहां तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। सीसीटीवी से मिला सुराग सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और थाना कांकरोली को अवगत कराया गया। इसके बाद परिजनों के साथ एरिगेशन मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में बालक के कांकरोली बस स्टैंड की ओर जाने की जानकारी मिलने पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तुरंत वहां पहुंची और बालक को सुरक्षित तलाश लिया। बालक को सकुशल परिजनों को सुपुर्द किया पुलिस ने बालक को सकुशल उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राजसमंद पुलिस की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।