राजसमंद पुलिस ने अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान पुलिस ने 6 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें हत्या, चोरी, मादक पदार्थ तस्करी और धोखाधड़ी जैसे मामलों में वांछित आरोपी शामिल रहे। देवगढ़ पुलिस ने 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश मेहरूद्विन को गिरफ्तार किया, जबकि नाथद्वारा पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी रतनलाल को दबोचा। पेट्रोल पंप लूट की योजना बना रहे 8 गैंगस्टर गिरफ्तार नाथद्वारा सर्कल में पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट की योजना बना रहे 8 गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 15 टॉप-10 अपराधियों और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। 14 स्थायी वारंटों का निस्तारण, अपराध नियंत्रण पर फोकस पुलिस ने अभियान के दौरान अन्य जिलों में वांछित 14 स्थायी वारंटों का भी निस्तारण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया।