राजसमंद जिले में नशा मुक्ति अभियान को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और राजसमंद पुलिस की पहल पर तैयार की गई शॉर्ट फिल्म "शिकंजा" का गुरुवार को कांकरोली स्थित सिने स्क्वायर सिनेमा में विशेष प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, स्थानीय युवा और शहरवासी मौजूद रहे। फिल्म के जरिए नशे के दुष्प्रभाव और उससे बचाव के उपायों का संदेश दिया गया। 35 मिनट की फिल्म में 85 स्थानीय कलाकारों ने निभाई भूमिका करीब 35 मिनट की इस शॉर्ट फिल्म में राजसमंद जिले के 85 स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म में नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को दिखाया गया है। इसके साथ ही नशे से बचाव के उपायों और जागरूकता के संदेश को भी संवेदनशील और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है। युवाओं तक पहुंचाया जाएगा नशा मुक्ति का संदेश जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने बताया कि फिल्म का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी इस फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स और युवाओं तक इसका संदेश पहुंच सके। इन संस्थाओं का रहा सहयोग इस शॉर्ट फिल्म के निर्माण में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, जाह्नवी कला परिषद और साउंड ऑफ लाइफ मल्टीमीडिया का विशेष सहयोग रहा।