राजसमंद के चर्चित रूपम गोल्ड लूटकांड में तीन साल बाद पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट के आदेश लूटी गई ज्वेलरी को बेचने से मिले 30 लाख रुपए बरामद कर रूपम गोल्ड ज्वेलरी के संचालक को लौटाए। पुलिस ने मामले में पहले ही मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा कर दिया था। पुलिस ने जल्दी खुलासा कर पांच आरोपियों को पकड़ा सीओ राजसमंद नेत्रपाल सिंह ने बताया - लूट की वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सनी सिंह सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बेच दिए थे। उन आभूषणों को बेचकर मिली 30 लाख रुपए की राशि पुलिस ने बरामद कर ली थी। कोर्ट के आदेश के बाद पूरी की गई कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश की पालना में कांकरोली थानाधिकारी सरोज बैरवा और उनकी टीम ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद बरामद 30 लाख रुपए की राशि रूपम गोल्ड ज्वेलरी के संचालक संजय सोनी को सौंप दी गई। इस दौरान वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह और थानाधिकारी सरोज बैरवा भी मौजूद रहे। संचालक ने पुलिस टीम का जताया आभार रूपम गोल्ड के संचालक संजय सोनी ने मामले का जल्द खुलासा करने और बरामद राशि वापस दिलाने के लिए जिला पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।