राजसमंद जिले में भीषण गर्मी का दौर जारी है। सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाओं के चलते लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। दोपहर में लू और भीषण गर्मी से आमजन बेहाल नजर आया। सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखी। गर्मी से बचने के लिए लोग छांव, टोपी, चश्मा, गमछा और रूमाल का सहारा लेते दिखाई दिए। छोटे बच्चों के बाद अब बड़ों का भी बदला समय भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने संशोधित आदेश जारी करते हुए स्कूली छात्रों को राहत दी है। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8वीं तक स्कूल का समय पहले ही 7 से 11 बजे तक किया जा चुका है। अब कक्षा 9 से 12 तक सभी सरकारी–प्राइवेट स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया गया है। आदेश की अवहेलना होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। सार्वजनिक जगहों पर किए राहत के इतजाम शहर के राजनगर, कांकरोली और धोइंदा बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर लागों के लिए पानी के कैंपर लगाए गए हैं। आवारा मवेशियों के लिए भी छांव और पानी के इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। बीते कई दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।