कोटा नगर निगम व प्रशासन ने 15 अक्टूबर को निकाली जाने वाली राम बारात को ऐतिहासिक और अलौकिक बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। मेयर अनुसुईया गोस्वामी, डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी, स्थानीय पार्षदों और निगम अधिकारियों की टीम ने राम बारात के रूट का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मेयर ने निर्देश दिए कि रूट में जो भी पोल है, उन पर ऑरेंज कलर कर दिया जाए, सब केसरिया नजर आए। वहीं डिप्टी मेयर ने कहा कि हमारे खून में केसरिया रंग है। मेयर ने बताया कि अधिकारियों को निरीक्षण करने और रूट में जो भी काम होने है, उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए है। अधिकारी और पार्षद काम में जुटे है। मेयर ने कहा कि इस बार की राम बारात अब तक की सबसे भव्य होगी। शहर के मुख्य बाजारों को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। लाइट के पोल भगवा रंग के होंगे, केसरिया झालरें लगाई जाएंगी और पूरे मार्ग पर विशेष डेकोरेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राम हैं भगवा, हम हैं भगवा और देश हमारा भगवा है। केसरिया साफा पहनकर बारात में होंगे शामिल डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी ने बताया कि राम बारात भव्यता के साथ निकाली जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। ड्रेस कोड को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शादी-बारात में कोई तय ड्रेस कोड नहीं होता, लेकिन इस बार हर किसी के सिर पर केसरिया साफा (पगड़ी) सजेगा। सभी बराती ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-झूमते हुए प्रभु श्रीराम के विवाह उत्सव में शामिल होंगे। निगम की टीम ने बारात मार्ग में सड़कों की मरम्मत, रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।