राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना) न्यूयॉर्क, जयपुर फुट यूएसए और ब्रुहद न्यूयॉर्क सीनियर्स ने विश्वविख्यात इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा को माउंट सीनाई, न्यूयॉर्क में चीफ ऑफ क्लिनिकल कार्डियोलॉजी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई दी हैं। राना न्यूयॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने कहा कि डॉ. शर्मा की यह नियुक्ति केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और अमेरिका के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा- डॉ. समीन शर्मा राजस्थान की ही नहीं, बल्कि भारत और अमेरिका की भी शान हैं। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, रोगी सेवा, चिकित्सा नवाचार तथा मेडिकल नेतृत्व के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक समय से उनके असाधारण योगदान को पूरी दुनिया सम्मान की दृष्टि से देखती है। यह प्रतिष्ठित नियुक्ति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पण का उचित सम्मान है। न्यूयॉर्क में अगले साल राना पांचवां अंतरराष्ट्रीय राजस्थानी सम्मेलन होगा प्रेम भंडारी ने बताया कि डॉ. समीन शर्मा राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना), न्यूयॉर्क के संरक्षक सदस्य (Patron Member) हैं। राना विश्वभर में बसे राजस्थानियों का एक प्रतिष्ठित वैश्विक संगठन है, जिसने अब तक न्यूयॉर्क में चार अंतरराष्ट्रीय राजस्थानी सम्मेलन आयोजित किए हैं। इनमें दो बार राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने मंत्रिमंडल के साथ और एक बार पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे अपने मंत्रिमंडल के साथ शामिल हुई थीं। भंडारी ने बताया कि अगले साल न्यूयॉर्क में राना का पांचवां अंतरराष्ट्रीय राजस्थानी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। भंडारी ने डॉ. समीन के कोविड के दौरान किए काम को किया याद प्रेम भंडारी ने कहा कि डॉ. समीन शर्मा राना की स्थापना से ही उसके सबसे बड़े समर्थकों में रहे हैं। वे न केवल राना, बल्कि जयपुर फुट यूएसए की मानवीय सेवा गतिविधियों के भी प्रमुख सहयोगी रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान डॉ. शर्मा के योगदान को याद करते हुए कहा कि माउंट सीनाई अस्पताल के माध्यम से तथा जयपुर फुट यूएसए के सहयोग से उन्होंने भारत को आधुनिक वेंटिलेटरों की लाखों अमेरिकी डॉलर मूल्य की खेप भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पहल पर कई अवसरों पर जीवनरक्षक दवाइयां भी भारत भिजवाईं, जिससे महामारी के कठिन दौर में अनेक लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। भंडारी ने यह भी स्मरण कराया कि लगभग दो दशक पूर्व डॉ. सामिन शर्मा ने जयपुर में अत्याधुनिक ईएचसीसी (EHCC) हॉस्पिटल की स्थापना की थी। आज यह संस्थान न केवल राजस्थान, बल्कि पड़ोसी राज्यों एवं पड़ोसी देशों से आने वाले मरीजों को भी विश्वस्तरीय हृदय चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। राना न्यूयॉर्क, जयपुर फुट यूएसए तथा ब्रुहद न्यूयॉर्क सीनियर्स की ओर से प्रेम भंडारी ने घोषणा की कि डॉ. सामिन शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में उनकी सुविधानुसार एक विशेष सम्मान समारोह एवं लंच आयोजित किया जाएगा।