RAS परीक्षा 2024 का रिजल्ट शनिवार को जारी हुआ, जिसमें पाली जिले की दो अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। रानी की याशिका कच्छवाह ने 75वीं रैंक और मोहन नगर पाली की अक्षिका तिवाड़ी ने पहले प्रयास में 756वीं रैंक प्राप्त की। परिणाम आने के बाद दोनों के घरों में परिजनों और परिचितों ने बधाई दी और खुशी जताई। अक्षिका उस समय एमए की परीक्षा देकर बाहर आई, जबकि याशिका पहले से तहसीलदार सेवा में परिवीक्षा पर कार्यरत है। अक्षिका तिवाड़ी को परीक्षा सेंटर पर मिला सरप्राइज पाली के मोहन नगर निवासी अक्षिका तिवाड़ी एमए की परीक्षा देने लॉ कॉलेज पहुंची थी। जैसे ही वह परीक्षा देकर बाहर आई, परिवार के सदस्य फूलमाला और गुलाल के साथ उसका इंतजार कर रहे थे। उनकी दादी बोली- तुम RAS बन गई हो। परिवार ने उन्हें बधाई दी। अक्षिका ने पहले प्रयास में 756वीं रैंक हासिल की। उसने बताया कि वह रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थी और तैयारी के लिए जयपुर में कोचिंग ली। उसके पिता श्यामबिहारी तिवाड़ी वॉटर सप्लायर हैं। परिवार में बड़ी बहन समीक्षा, भाई मयंक और सबसे छोटी अक्षिका है। अक्षिका की भुआ सीमा तिवाड़ी, जो 2016 बैच की RAS अधिकारी हैं और जयपुर में कार्यरत हैं, वह भी पाली पहुंचीं। उन्होंने अक्षिका को बधाई दी। इस दौरान मां रंजनी तिवाड़ी, दादी रमा तिवाड़ी, अनुराधा तिवाड़ी, कुसुमलता तिवाड़ी, भाई-बहन और अन्य परिजन मौजूद रहे। याशिका कच्छवाह ने हासिल की 75वीं रैंक पाली जिले के रानी की रहने वाली याशिका कच्छवाह ने RAS परीक्षा में 75वीं रैंक प्राप्त की। इससे पहले RAS 2023 परीक्षा में उसने 105वीं रैंक हासिल की थी। वर्तमान में वह राजस्थान तहसीलदार सेवा में परिवीक्षा अवधि के दौरान अजमेर में कार्यरत है।
शिक्षा और तैयारी का सफर याशिका ने 10वीं तक की पढ़ाई विद्यावाड़ी रानी में की। इसके बाद 11वीं से लेकर एमएससी तक की पढ़ाई जोधपुर में पूरी की। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए वह जयपुर में भी रही। उसके पिता विरेंद्र सिंह उर्फ विपिन कच्छवाह रानी में पेट्रोल पंप संचालित करते हैं। सफलता के बाद परिवार और परिचितों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सरकारी नौकरी में लेकर बने विरेन्द्रसिंह बने RAS
पाली के निकट स्थित सोवनिया गांव निवासी विरेन्द्रसिंह चम्पावत की आरएएस भर्ती 2024 में 143वीं रैंक बनी। आरएएस परीक्षा 2023 में उन्हें 445वीं रैंक हासिल की थी। रैंक सुधारने के लिए फिर से उन्होंने परीक्षा दी। वे साल 2017 से सरकारी सेवा में है और वर्तमान में जयपुर निदेशालय में जूनियर मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यतर है। उनके पिता पदमपसिंह चम्पावत एलआईसी एजेंट का काम करते थे और मां का साल 2022 में देहांत हो गया। फैक्ट्री मूनिम के बेटे अशोक पटेल RAS परीक्षा में लाए 292वीं रैंक पाली शहर के रामदेव रोड शेखावत नगर के रहने वाले अशोक पटेल RAS 2024 परीक्षा में 292 रैंक लाए है। दूसरे प्रयास में उन्होंने यह सफलता प्राप्त की। वर्तमान में वे इंद्रप्रथ गैस लिमिटेड कम्पनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। स्कूली पढ़ाई उन्होंने पाली में की। 11-12वीं नवोदय स्कूल से की। उसे बाद इलाहबाद से बीटेक किया। सर्विस में रहते हुए प्रशासनिक अधिकारी बनने की तैयारी जारी रखी रोजाना चार-पांच घंटे पढ़ाई करते थे। उनके पिता मांगीलाल पटेल फैक्ट्री में काम करते है और मां कूकीदेवी हाऊस वाइफ है। चार भाई बहनों में वे सबसे छोटे है। बड़े भाई विजय पटेल प्रोपर्टी डीलर है। बहन केलम की शादी हो चुकी है और भाई प्रकाशी आर्मी में है। RAS पिता ने तीनों बच्चों को बनाया RAS, बेटी मोनिका लाई 39वीं रैंक
पाली जिले के बिसलपुर हाल जोधपुर निवासी सेवानिवृत्त आरएएस चंदनसिंह चौहान खुद आरएएस से सेवानिवृत्त है। उनकी सबसे छोटी बेटी मोनिका सिंह चौहान दूसरे प्रयास में आरएएस परीक्षा में 39वीं रैंक लाई है। जिससे परिवार में खुशी का माहौल है। चंदनसिंह के बड़े बेटे महेंद्रसिंह का आरएएस-2023 में चयन हुआ था वे वर्तमान में श्रम निरीक्षक की पोस्ट पर कार्यरत है। छोटे बेटे ईश्वरसिंह चौहान BDO देचू पंचायत (फलौदी) में है। मोनिका ने बीएससी की पढ़ाई जोधपुर के लाचू कॉलेज से की। 2023 आरएएस परीक्षा में उन्हें 651वीं रैंक मिली थी। दूसरे प्रयास में उन्होंने 39वीं रैंक हासिल की। जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। मां संतोष कंवर हाऊस वाइफ है। मोनिका कहती है कि घर में पापा औरभाईयों की प्रेरणा से यह मुकाम बिना कोचिंग के घर पर रहकर तैयारी कर हासिल किया। सेल्फ स्टडी कर करूणा लाई RAS में 1839वीं रैंक
पाली जिले के बाली उपखंड के लुणावा गांव के शंकर भाई राठौड़( पशु पालन विभाग के कंपाउडर बीजापुर) की बेटी करुणा राठौड़ सेल्फी स्टडी कर आरएएस परीक्षा में 1839वीं रैंक हासिल की। करूणा की मां दर्शना देवी की 2016 में देहांत हो गया। उसके बाद भी घर का काम-काज कर जो समय मिलता उससे घर पर रहकर पढ़ाई की और आरएएस में 1839वीं रैंक हासिल की। करूणा का छोटा भाई रिपूदमन राठौड़ है जो बीएड कर रहा है। बेटी के सलेक्शन पर पूरा परिवार खुश है।