रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर 9 में रविवार को दोपहर में टाइगर, लेपर्ड और कूनो नेशनल पार्क से आया चीता एक साथ दिखाई दिए। इस दृश्य को वहां मौजूद पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों ने देखा और फोटो सामने आए। राजस्थान वन विभाग ने भी इस घटना को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। यह दुर्लभ दृश्य जोन 9 में वन्यजीवों की गतिविधि के दौरान सामने आया। जोन नंबर 9 में लेपर्ड के इस मूवमेंट के दुर्लभ नजारे को दैनिक भास्कर के साथ वन्यजीव प्रेमी परिक्षित शर्मा ने साझा किया है, जिसे दैनिक भास्कर आपके साथ साझा कर रहा है। वन्यजीव प्रेमी ने साझा की तस्वीरें वन्यजीव प्रेमी परिक्षित शर्मा के अनुसार कूनो नेशनल पार्क से एक चीता चलकर रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर 9 में आ गया था। इस क्षेत्र में पहले से टाइगर और लेपर्ड का मूवमेंट रहता है, ऐसे में रविवार को यहां एक साथ टाइगर, लेपर्ड और चीता तीनों वन्यजीव एक ही समय पर नजर आए। यह दुर्लभ दृश्य देखकर यहां मौजूद पर्यटक रोमांचित होते उठे। वन विभाग ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट राजस्थान वन विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस दृश्य को साझा करते हुए लिखा कि रणथंभौर में एक दिन ऐसा रहा जब जंगल ने चौंका दिया। जोन 9 में बाघ, तेंदुआ और चीता एक ही स्थान और समय पर दिखाई दिए। विभाग ने इसे दुर्लभ और अप्रत्याशित बताया और कहा कि ऐसे दृश्य जंगल की गतिविधियों को दिखाते हैं। "रणथंभौर ~ एक ऐसा दिन जब जंगल ने चौंका दिया। जोन 9 में, बाघ, तेंदुआ और चीता, जंगल के तीन सबसे दुर्लभ जीव, एक ही स्थान पर, एक ही समय में दिखाई दिए। ऐसे पल दुर्लभ, अप्रत्याशित और असंभव होते हैं। ये हमें याद दिलाते हैं कि हमारे जंगल वास्तव में क्या कर सकते हैं। आइए, इस जादू का अनुभव स्वयं करें। रणथंभौर आपका इंतज़ार कर रहा है।" पर्यटकों में चर्चा, कम देखने को मिलता है ऐसा दृश्य रविवार को इस दृश्य को देखने वाले पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी उत्साहित नजर आए। रणथंभौर में इस तरह का दृश्य कम ही देखने को मिलता है, जिसमें टाइगर, लेपर्ड और चीता एक साथ दिखाई दें।