रणथंभौर टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघिन T-2403 अपने शावकों के साथ नजर आई। करीब साढ़े चार साल की बाघिन जोन-8 में विचरण करती दिखाई दी। इस दौरान उसके साथ तीन शावक भी नजर आए, जो अपनी मां के साथ जंगल में घूम रहे थे। पर्यटकों ने इस नजारे को अपने कैमरों में कैद किया। बाघिन और शावकों को देखकर सफारी पर आए पर्यटक उत्साहित नजर आए। हालांकि, मौके पर तीन शावक दिखाई देने के बावजूद उनकी वास्तविक संख्या की पुष्टि कैमरा ट्रैप के रिकॉर्ड के आधार पर की जाएगी। बाघिन की लगातार ट्रैकिंग कर रही थी फील्ड टीम रणथंभौर टाइगर रिजर्व के DFO मानस सिंह ने बताया कि फील्ड टीम बाघिन T-2403 की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह बाघिन अपने शावकों के साथ दिखाई दी। वन विभाग की टीम अब बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों की निगरानी कर रही है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उनके प्राकृतिक विचरण में कोई व्यवधान न हो। शावकों के साथ बाघिन को देखकर पर्यटक उत्साहित जोन-8 में सफारी के दौरान बाघिन को शावकों के साथ स्वच्छंद विचरण करते देखना पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव रहा। इस साइटिंग से रणथंभौर में वन्यजीव पर्यटन का आकर्षण भी बढ़ा है। वन विभाग ने पर्यटकों से की अपील वन विभाग ने सफारी पर आने वाले पर्यटकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि पर्यटक वन्यजीवों से उचित दूरी बनाए रखें और उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप न करें। वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों और अन्य वन्यजीवों का संरक्षण वन विभाग की प्राथमिकता है। विभाग सुरक्षित पर्यटन के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक जीवन को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।