रास ग्राम पंचायत में करोड़ों रुपए की लागत से बनी सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने आरोप लगाए है। पीनगटिया दरवाजे से हेरिया वाले भेरूजी महाराज मंदिर तक निर्मित यह सड़क तीन साल में ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थानीय वार्ड पंच पृथ्वी सिंह चौहान ने बताया कि सड़क का निर्माण लगभग तीन साल पहले हुआ था। हालांकि एक साल के भीतर ही सड़क जगह-जगह से टूटने लगी थी। वर्तमान में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौहान ने बताया कि रास्ता क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और श्री सीमेंट सहित विभिन्न फैक्ट्रियों के कर्मचारी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे कई लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की दयनीय स्थिति के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की गहन जांच कराने और दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण का शिलान्यास और लोकार्पण शिलालेख अभी भी मौके पर मौजूद है। वार्ड पंच पृथ्वी सिंह चौहान और ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आमजन और फैक्ट्री कर्मचारियों को सुरक्षित और सुगम आवाजाही की सुविधा मिल सके।