चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच 11 पर बीरमसर गांव के पास मंगलवार देर रात दो कारों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि ड्राइवर चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, सरदारशहर निवासी शेरसिंह मंगलवार रात फतेहपुर से रतनगढ़ की ओर आ रहे थे। बीरमसर गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य कार के ड्राइवर ने ओवरटेक करते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर टोल प्लाजा के कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्होंने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर रास्ता साफ करवाया। रतनगढ़ पुलिस भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और कार चालक शेरसिंह से हादसे के संबंध में पूछताछ की।