बांसवाड़ा में चाय पत्ती से भरा ट्रक माही नदी पर बने पुल की सुरक्षा दीवार से टकरा गया। दीवार तोड़ते हुए ट्रक का आधा हिस्सा हवा में लटक गया। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना मान रही है। हादसा मंगलवार सुबह रतलाम रोड स्थित गेमन पुल पर हुआ। देखें … घटना से जुड़ीं तस्वीरें ​• ड्राइवर को झपकी आई, ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर लटक गया आबापूरा थाने की पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया - ट्रक रतलाम की ओर से आ रहा था। मंगलवार सुबह के समय ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आने से ट्रक अनकंट्रोल हो गया। पुलिया पर लगे सीमेंटेड बैरिकेड्स और रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे नदी की ओर लटक गया। • सुबह मचा हड़कंप, राहगीरों की लगी भीड़ घटना-तफरी के बाद गेमन पुल पर अफरा मच गई। ट्रक का अगला हिस्सा हवा में लटका देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। • पुलिस पहुंची, ट्रैफिक संभाला; क्रेन से ट्रक निकालने की कोशिश सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुल पर ट्रैफिक को कंट्रोल किया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से पुल पर लटके ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए। आबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया - ट्रक में चाय पत्ती भरी हुई थी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुल पर ट्रक लटकने से यातायात प्रभावित हो गया है। मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात है और ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहा है।