​नगरपरिषद उपसभापति पद के लिए मंगलवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चंकी शाह ने नगरपरिषद के पास स्थित अम्बेडकर भवन पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। ​आंकड़ों के मुताबिक चंकी शाह का उपसभापति बनना लगभग तय माना जा रहा है। हाल ही में सोमवार को हुए सभापति चुनाव में भाजपा के मुकेश रावत को 37 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के गौतम मईड़ा को 23 वोट मिले थे। बोर्ड में स्पष्ट बहुमत होने के कारण भाजपा प्रत्याशी की स्थिति बेहद मजबूत है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी की ओर से उपसभापति पद के लिए फखरुद्दीन रतलामवाला ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस पदाधिकारी भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे। फखरुद्दीन वार्ड 57 से चुनाव जीते हैं, जिन्होंने कड़े मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी को 50 वोटों के अंतर से हराया था। ​तीसरी बार पार्षद बने हैं चंकी शाह: वार्ड नंबर 37 से पार्षद चुने गए चंकी शाह ने कांग्रेस प्रत्याशी को 756 भारी वोटों से शिकस्त दी थी।​ चंकी शाह वर्तमान में नेमा समाज के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और व्यापार के क्षेत्र से जुड़े हैं। ​चुनाव प्रक्रिया का शेड्यूल: रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम भागचंद रेगर ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए गए। इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जा रही है। नाम वापसी का समय दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से मतदान कराया जाएगा और मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणामों की घोषणा की जाएगी।