जिले में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिले की सभी RBSK टीमों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच, जन्मजात विकार, विभिन्न बीमारियों, कुपोषण और विकासात्मक विलंब की समय पर पहचान के साथ-साथ चिन्हित बच्चों के रेफरल और उपचार की प्रगति पर चर्चा हुई। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश नागर ने सभी टीमों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का समयबद्ध भ्रमण सुनिश्चित करते हुए 100 प्रतिशत गुणवत्ता के साथ स्क्रीनिंग कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना कार्यक्रम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डॉ. नागर ने ऑनलाइन पोर्टल पर समयबद्ध डेटा प्रविष्टि और रेफरल फॉलोअप नियमित रूप से करने के भी निर्देश दिए। डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. अरविंद नागर ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) की जानकारी देते हुए किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। समीक्षा बैठक में आगामी माह की कार्ययोजना, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी टीमों को समन्वय के साथ कार्य कर पात्र बच्चों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा RBSK की सभी टीमों को रिपोर्टिंग कार्य को डिजिटल और प्रभावी बनाने के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराए गए हैं। बैठक में जिला स्तर से ADNO डॉ. रामविलास मीणा, आशा कॉर्डिनेटर हेमराज लोधा सहित जिले के सभी ब्लॉकों की RBSK चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीमें उपस्थित रहीं।