9वीं बार सत्ता संभालते ही आरसीए की एडहॉक कमेटी एक्शन मोड में आ गई है। डॉ. मोहित यादव की अध्यक्षता वाली एडहॉक कमेटी में सबसे पहला काम जिला क्रिकेट संघों को साधने का किया है। समर कैंप के लिए जिला संघों को 40 हजार रुपए मिलते थे इसे 60 हजार रुपए बढ़ाकर एक लाख रुपए कर दिया गया है। आरसीए की सत्ता में लम्बी पारी खेलनी है तो जिला क्रिकेट संघों को साथ लेकर चलना जरूरी भी है। सभी 33 जिलों में इसी महीने लगेगा समर कैंप : राजस्थान के सभी 33 जिलों में 15 से 30 अप्रैल तक समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में सभी जिला संघों को सूचित कर दिया गया है। इस बार राशि 60 हजार बढ़ने से उम्मीद है कि समर कैंप के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अंडर-19 तक के लिए लगेगा कैंप आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने बताया कि हर जिले में कैंप अंडर-19 स्तर तक के क्रिकेटर्स का लगेगा। इसमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 (बॉयज) और अंडर-15, अंडर-19 (गर्ल्स) के लिए समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। आरआर को पूर्ण सहयोग भी देगी कमेटी एडहॉक कमेटी सदस्यों और राजस्थान रॉयल्स के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना के बीच जयपुर में आईपीएल को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई। एडहॉक कमेटी ने आईपीएल के दौरान राजस्थान रॉयल्स को पूर्ण सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। बुधवार को एडहॉक कमेटी की मीटिंग डॉ. मोहित यादव की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग में अन्य चारों सदस्य धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल और अरिष्ठ सिंघवी उपस्थित थे। मीटिंग में राज्य के सभी जिलों में खेल के विकास व विस्तार, बीसीसीआई के आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र से पहले राज्य के युवा खिलाड़ियों को तैयारियों के लिए जरूरी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। कमेटी ने आरसीए की खेल गतिविधियों की रुपरेखा व सहयोग के लिए अरिष्ट को जिम्मेदारी दी है।